गोरखपुर। रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को अब पार्किंग की बेहतर और व्यवस्थित सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में निर्मित मल्टीलेवल कार पार्किंग (एमएलसीपी) का संचालन शुक्रवार से शुरू करने का निर्णय लिया है। फिलहाल पार्किंग के ग्राउंड फ्लोर को आम जनता के उपयोग के लिए खोला जा रहा है।
करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित इस पार्किंग में कार, मोटरसाइकिल, स्कूटर, साइकिल और अन्य तीन पहिया वाहनों को खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी। पार्किंग में एक समय में लगभग 800 से 1000 मोटरसाइकिलों को खड़ा किया जा सकेगा। स्टेशन निदेशक रमनदीप गुप्ता ने बताया कि इससे स्टेशन परिसर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर होगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। पार्किंग में प्रवेश के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन के गेट संख्या-6 को निर्धारित किया गया है। इसी मार्ग से वाहन सीधे मल्टीलेवल पार्किंग में प्रवेश कर सकेंगे।
रेलवे प्रशासन की ओर से जारी शुल्क सूची के अनुसार, छह घंटे तक साइकिल के लिए 10 रुपये, दोपहिया वाहन के लिए 20 रुपये, तीन पहिया वाहन के लिए 30 रुपये और चार पहिया वाहन के लिए 40 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं 12 से 24 घंटे तक के लिए चार पहिया वाहन का शुल्क 120 रुपये रखा गया है। दैनिक आधार पर 24 घंटे से अधिक पार्किंग के लिए चार पहिया वाहन मालिकों को 200 रुपये देने होंगे। आम नागरिकों के लिए मासिक पार्किंग शुल्क साइकिल का 200 रुपये, दोपहिया का 1000 रुपये, तिपहिया का 1500 रुपये और चार पहिया वाहन का 2500 रुपये निर्धारित किया गया है। रेलवे कर्मचारियों को रियायती दरों पर सुविधा मिलेगी। हेलमेट रखने के लिए 10 रुपये का अलग शुल्क तय किया गया है।