गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को धर्मशाला और झूलेलाल मंदिर परिसर के रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान रैन बसेरा परिसर में 10–12 वाहनों के खड़े होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और सभी वाहनों को कल तक हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धर्मशाला परिसर में किसी भी प्रकार का निजी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने रैन बसेरे के बाहर निशुल्क’ बोर्ड लगाने, रजिस्टर में ठहरने वालों का पूरा विवरण दर्ज करने तथा बाथरूम, छत और अन्य स्थानों पर हो रही सीलन को ठीक कराने के लिए सीएनडीएस यूनिट से समन्वय करने के निर्देश दिए। छत पर लगाए गए सोलर पैनल और छत की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया। धर्मशाला स्थित रैन बसेरे की सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर संचालक को स्पष्टीकरण देने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद झूलेलाल मंदिर स्थित महिला एवं पुरुष रैन बसेरे का निरीक्षण कर नगर आयुक्त ने ठहरे हुए लोगों से बातचीत भी की। यहां अधिकांश छात्र बिहार से आए थे, जो ग्रुप-डी परीक्षा देने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। रात में गोरखनाथ ओवरब्रिज पर सो रहे लोगों को रैन बसेरे में शिफ्ट किया गया।