फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोट बैंक नहीं थे वनटांगिया, इसलिए सुविधाओं से वंचित रखा : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
- मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर दीप जलाकर किया दीपोत्सव का शुभारंभ
विज्ञापन

- जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में हुई सभा में पूर्ववती सरकारों को घेरा

अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर के बाहर सजाई रंगोली के बीच दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने वनटांगिया गांव के लोगों के अधिकारों की बात कहकर पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा। कहा कि वनटांगिया गांवों के लोग मतदाता बनने से वंचित थे, किसी का वोट बैंक नहीं थे इसलिए पूर्व की सरकार में उन्हें सुविधाओं से वंचित रखा गया था।

सीएम योगी, रविवार को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दिवाली मनाने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबाेधित कर रहे थे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री वनटांगिया गांव के भ्रमण पर निकले। वह सबसे पहले वनटांगिया समाज के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचे। उनके घर के बाहर सजाई रंगोली के बीच दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री ने सभी गांववासियों के लिए दीपोत्सव का शुभारंभ किया। वहां उन्होंने एक बुजुर्ग महिला लक्ष्मीना देवी को दिवाली का उपहार भेंट किया। इसके बाद वह गांव में लोगों से मिले और उनका अभिवादन स्वीकार कर उनसे आत्मीय संवाद किया।
विज्ञापन

सीएम ने कहा कि वनटांगिया समूह के लोगों को सरकार की योजनाओं, मतदान और अपनी पंचायत चुनने के लिए वंचित रखा गया था। सीएम ने कहा कि हमने आपको वोट बैंक नहीं बनाया, बल्कि 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव के रूप में मान्यता देकर इनका सभी प्रकार की सुविधाओं से आच्छादन किया है।
आज हम दावे के साथ कह सकते हैं कि 2017 के बाद हुए विकास कार्यों से वनटांगिया गांवों के जंगल में मंगल है। उन्होंने कहा कि मैं लगातार 2007-08 से यहां आ रहा हूं। पिछले 10 वर्षों से मुख्यमंत्री के रूप में अयोध्या के बाद यहीं पर दिवाली मनाने के लिए आता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक ही है। भगवान राम का भक्त होने के नाते हमने हर वनवासी, हर गिरवासी, हर वंचित, हर दलित को अपना बनाया है। उन्हें रामकाज में सहयोगी बनाया है और रामकाज वही है, जो राष्ट्र का काज है। उन्होंने हर तबके के लोगों से कहा कि हर परिस्थिति में सरकार आपके साथ खड़ी है।
-

सपा-कांग्रेस का हर जवाब ‘ना’ और हमारा हर जवाब ‘हां’ में
मुख्यमंत्री ने 2017 से पूर्व और उसके बाद वनटांगिया गांव की स्थिति को लेकर सवाल-जवाब के अंदाज में लोगों से संवाद किया। पूछा, 2017 के पहले आपके लिए पक्की सड़क, कोई स्कूल, बिजली, पानी पीने की व्यवस्था थी क्या? जनता ने इन सभी सवालों का जवाब ‘ना’ में दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा, 2017 के बाद आपके पास चलने के लिए सड़क है, आज आपके पास राशन कार्ड है, आज आपके पास पक्का मकान है, आज स्कूल है, आज आयुष्मान कार्ड है। सीएम योगी कहा कि भाजपा नेतृत्व की एनडीए में और सपा-कांग्रेस के पीडीए में यही अंतर है। उनका (सपा-कांग्रेस) हर जवाब होता है ''''ना'''' में, और हमारा हर जवाब होता है ''''हां’ में। वे पूछते नहीं थे और अब सरकार पूछने के लिए आ रही है।
-
एक के लिए गांधी और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही सबकुछ
सीएम योगी ने बिना दलों का नाम लिए कहा कि एक के लिए गांधी-नेहरू परिवार और दूसरे के लिए सैफई परिवार ही देश-प्रदेश है। हमारे लिए 25 करोड़ की आबादी का उत्तर प्रदेश, जिसमें चाहे वह किसी भी जाति, क्षेत्र का हो, गांव हो या शहर, गरीब हो या अमीर, निषाद हो, दलित हो, राजभर हो, चौहान हो, सभी को हम लोग एक परिवार के रूप में लेकर के चलते हैं और शासन की योजना के साथ जोड़ने का काम करते हैं।
-
वर्तमान व भावी पीढ़ी को बताएं संघर्ष और सुविधा का इतिहास
मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय का आह्वान किया कि अपने संघर्ष से सुविधा तक के इतिहास को संजो कर रखें। उन्होंने कहा कि इसे याद रखिए कि आपकी पहले क्या स्थिति थी, आपने क्या और कितना संघर्ष किया था और अब सुविधाओं की क्या स्थिति है। कहा कि वर्तमान के साथ भावी पीढ़ी को बताइए कि कैसे आपको 70 वर्षों तक सुविधाओं से वंचित रखा गया था और 2017 के बाद भाजपा की डबल इंजन सरकार ने कैसे आपको परिवार मानकर सुविधाओं और सरकार की योजनाओं से आच्छादित किया है।
-
योगी को सीएम के रूप में पाकर धन्य हुई यूपी की धरती : रविकिशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के रूप में पाकर यूपी की धरती धन्य हुई है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि जब अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में दर्शन करने जाएं तो उसके पहले सपा शासन में कारसेवकों पर गोली चलाने के लिए माफी मांगें।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, काशी से आए जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह आदि उपस्थित रहे।
-

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सीएम ने किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव और लोकार्पण-शिलान्यास समारोह के मंच से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दिवाली का उपहार, प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वनटांगिया बस्तियों के मुखिया रामगणेश, रामदयाल, बलराम, विश्वम्भर, परमात्मा व जयराम को भी सम्मानित किया।
-
दिवाली पर सीएम ने दी 82.41 करोड़ की सौगात
वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में वनटांगिया दीपोत्सव मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 82.41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का दिवाली उपहार भी दिया। उन्होंने बटन दबाकर 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण और 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये से बनने वाली रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क, 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से कुसम्ही जंगल में ईको पार्क और पिपराइच नगर पंचायत में 1 करोड़ 95 लाख 51 हजार रुपये की लागत से वैश्विक नगर बाजार का निर्माण शामिल है।
विज्ञापन


सीएम ने किया स्टालों का अवलोकन, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
जंगल तिकोनिया नंबर तीन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन, कृषि, उद्यान, महिला कल्याण, बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बेसिक शिक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य, ओडीओपी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग आदि विभागों की तरफ से स्टालों के माध्यम से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्टालों पर रुककर वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टाल पर बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें खूब दुलारा। सीएम योगी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराकर उन्हें उपहार प्रदान किए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें