समय से पहले पहुंचने के कारण यहां पर पांच मिनट का स्टापेज रहा। सात बजे बस्ती से यह ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना हो गई। अयोध्या में समय से तीन मिनट पहले आठ बजकर सात मिनट पर पहुंच गई। सात मिनट के स्टापेज के बाद आठ बजकर 17 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। लखनऊ में भी समय से 17 मिनट पहले 10 बजकर 03 मिनट पर पहुंच गई। वापसी में यही ट्रेन सात बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई है। पूरे सफर के दौरान 110 किलोमीटर की रफ्तार से वंदे भारत का ट्रायल हुआ।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बाढ़ का खतरा सिर पर: नेपाल में बारिश थमने से कुछ राहत, नदियों में कटान की आफत
ट्रायल वाला रूट लगभग फाइनल
बताया जा रहा है कि ट्रायल वाला रूट लगभग फाइनल हो चुका है। इस पर अब केवल रेलवे बोर्ड का मुहर लगना बाकी है। समय की बात करें तो यह ट्रेन सुबह सात बजकर पांच मिनट पर गोरखपुर से रवाना होगी, जो लखनऊ 11 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी। गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। इन स्टेशनों के बीच एक दो स्टापेज और बढ़ाए जाने की तैयारी है, जिसे एक से दो दिनों के अंदर फाइनल कर दिया जाएगा।
प्रस्तावित किराए की बात करें तो एसी चेयर कार क्लास में एक यात्री के लिए 795 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार (ईसी) के लिए 1525 रुपये हो सकता है। हालांकि, अभी रेलवे बोर्ड ने किराए की घोषणा नहीं की है। इस पर भी 48 घंटे के अंदर फैसला हो सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पूर्वाेत्तर रेलवे के जीएम चंद्र वीर रमण ने मंगलवार को प्लेटफॉर्म नंबर एक का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रू लॉबी के 50 मीटर आगे बन रहे जर्मन हैंगर को देखा और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। निर्देश दिया कि व्यवस्था में कोई भी कमी न होने पाए।
इसे भी पढ़ें: 60 दिन का हिसाब एक दिन में बराबर: दो माह सावन की लंबी पूजा से पहले छककर पेटपूजा, 2 करोड़ का नॉनवेज खा गए शौकीन
इसके अलावा एसपीजी ने भी बन रहे पंडाल की व्यवस्था देखी। आने-जाने वाले रास्तों का गहनता से निरीक्षण किया। आसपास बनी बिल्डिंग को देखकर जानकारी ली। बताया गया कि क्रू लॉबी के पीछे रेलवे के ही कार्यालय हैं। इसके अलावा धर्मशाला से आने वाले रास्तों को पूरी तरह से बंद करने के निर्देश भी दिए गए। एसीपीजी की टीम ने प्लेटफॉर्म पर होने वाली एक-एक गतिविधि की पूरी जानकारी ली।
एक नंबर प्लेटफॉर्म से दिखा सकते हैं हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो बजे प्लेटफाॅर्म नंबर एक के पास बन रहे पंडाल पहुंचने की संभावना है। प्लेटफॉर्म नंबर एक से ही वह वंदे भारत को हरी झंडी दिखा सकते हैं। 20 मिनट के कार्यक्रम के दौरान वह वंदे भारत में यात्रा करने वाली रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद भी कर सकते हैं। इसके लिए बच्चों की लिस्ट भी तैयार की जा रही है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय रेल मंत्री और मुख्यमंत्री भी रह सकते हैं।