उत्तर भारत में घने कोहरे का ट्रेनों के संचालन पर पड़ा असर
सप्तक्रांति और बिहार संपर्क क्रांति भी डेढ़ घंटे की देरी से आईं गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनों पर कोहरे का असर बना हुआ है। बुधवार को वैशाली एक्सप्रेस साढ़े नौ घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस करीब 16 घंटे की देरी से चल रही थी। बिहार संपर्क क्रांति और सप्तक्रांति एक्सप्रेस भी करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची।
वैशाली और गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन करीब 20 दिन से लेट हो रही है। मंगलवार को मौसम साफ रहने पर इन दोनों ट्रेनों की टाइमिंग सुधरी थी, लेकिन बुधवार को फिर दोनों लेट हो गईं। वैशाली एक्सप्रेस को सुबह 9.20 बजे गोरखपुर स्टेशन पर पहुंचना था, लेकिन यह शाम पाैने सात बजे पहुंची।
वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस अभी लखनऊ नहीं पहुंची थी, जबकि इस ट्रेन को भी सुबह साढ़े दस बजे गोरखपुर पहुंचना था। लेकिन देरी के चलते अब यह रात में दो बजे के बाद पहुंचेगी। बिहार संपर्क क्रांति सवा घंटे और सप्तक्रांति भी करीब डेढ़ घंटे की देरी से आई।