त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 4657 बूथों पर 29 लाख 78 हजार 569 मतदाता विभिन्न पदों के प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगे। मतों की गिनती दो मई को होगी।
विज्ञापन
जिले में प्रधान के 8822, सदस्य के 6893, बीडीसी के 8176 और जिला पंचायत सदस्य के 868 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी बूथों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तो अतिसंवेदनशील बूथों की कमान सीपीएमएफ और पीएसी को सौंपी गई है।
मतदान के दिन वाहनों के संचलन पर कोई रोक-टोक नहीं रहेगी। कोई भी मतदाता बूथ के 200 मीटर पहले तक अपने वाहन से जा सकेंगे। मगर ऐसे वाहन जिनसे बार-बार मतदाता आते-जाते दिखाई पड़े तो प्रशासन उसे सीज कर वाहन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगा।
विज्ञापन
मतदान के लिए बुधवार की सुबह 11 बजे से ही ब्लाकों से संबंधित बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम छह बजे तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। रात बूथों पर ही गुजारने के बाद ये पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों पर मतदान कराएंगी और फिर शाम छह बजे के बाद फिर से बैलेट बाक्स लेकर ब्लाक मुख्यालयों पर मतगणना के चिह्नित स्थानों पर पहुंचेंगी। स्ट्रांग रूम में बैलेट बाक्स रखने के बाद ही उनकी ड्यूटी पूरी मानी जाएगी। तभी वे घर लौट सकेंगे।
सभी मतदान कर्मचारियों को बुधवार की सुबह नौ बजे की ब्लाकों पर बुलाया गया था। पोलिंग पार्टी के सभी सदस्य जुटने के बाद उन्हें बैलेट बाक्स समेत मतदान सामग्री सौंपी गई जिसके मिलान के बाद पार्टियां बूथों पर रवाना होने लगीं। शाम चार बजे तक सभी ब्लाकों से पोलिंग पार्टियां रवाना होकर शाम छह बजे तक अपने बूथों पर भी पहुंच गई। पूरे समय डीएम, एसएसपी, सीडीओ, एडीएम फाइनेंस और डीपीआरओ आदि अफसर ब्लाकों का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों की समय से रवानगी सुनिश्चित कराते रहे।
एक ही बैलेट बाक्स में पड़ेंगे चारों पदों के मतपत्र
इस बार प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के सभी मतपत्र एक ही बैलेट बाक्स में डाले जाएंगे। एक बाक्स भरने के बाद दूसरे बैलेट बाक्स का इस्तेमाल होगा। प्रत्येक पोलिंग पार्टी को दो-दो बैलेट बाक्स उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट के वाहन में भी अतिरिक्त बैलेट बाक्स रखे रहेंगे। जहां भी बैलेट बाक्स की कमी होगी, सेक्टर मजिस्ट्रेट वहां तीसरा बैलेट बाक्स पहुंचा देंगे।
प्रधान का हरा, जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी होगा
मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत न हो इसलिए आयोग ने सभी पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र तैयार किए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के मतपत्र गुलाबी रंग के होंगे तो ग्राम प्रधान के हरे रंग के, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) का मतपत्र नीले रंग का तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद का मतपत्र सफेद रंग का है।
मतदान में गड़बड़ी हो तो सीधे प्रेक्षक से भी कर सकते हैं शिकायत
पंचायत चुनाव को शांति, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने जिले में दो प्रेक्षक भी तैनात किए हैं। चुनाव से जुड़ी किसी भी तरह की शिकायत सीधे प्रेक्षक से की जा सकती है। दोनों प्रेक्षकों के ठहरने का इंतजाम सर्किट हाउस में किया गया है। विकास खंड ब्रम्हपुर, उरुवां, गगहा, गोला, बड़हलगंज, बेलघाट, सरदारनगर, खजनी, बांसगांव तथा कौड़ीराम के लिए विशेष सचिव गृह अटल राय को प्रेक्षक बनाया गया है। उनका मो. नंबर 9454416236 व 0551-2230681 है। इसी तरह विकास खंड भटहट, जंगल कौड़िया, पिपराइच, पाली, कैंपियरगंज, चरगांवा, खोराबार, पिपरौली, सहजनवां, भरोहिया के लिए संयुक्त प्रबंध निदेशक जल निगम संजय कुमार खत्री को प्रेक्षक बनाया गया है। उनका मो. नंबर 9454416249 व 0551-2230680 है।