गोरखपुर जिले में चुनाव में पत्नी की जीत पर विजय जुलूस निकालने के मामले में पति पर केस दर्ज किया गया। इलाके के रामचौरा गांव से पत्नी के प्रधान पद पर जीत दर्ज करने के बाद उनके पति दिलीप यादव समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने नायब दरोगा की तहरीर पर आपदा अधिनियम, लॉकडाउन उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कैंपियरगंज के रामचौरा से दिलीप यादव की पत्नी बिंदु देवी चुनाव में प्रत्याशी थीं। जेपी इंटर कॉलेज में मतगणना के दौरान बिंदु के चुनाव जीतने के बाद उनके पति दिलीप यादव ग्रामीणों के साथ विजय जुलूस लेकर गांव की ओर जाने लगे। इसका कुछ लोगों ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ड्यूटी पर तैनात नायब दरोगा ने भी विजय जुलूस को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक हुजूम काफी बढ़ चुका था। वीडियो पर अफसरों ने भी मामले का संज्ञान लिया। दरोगा अतुल की तहरीर पर पुलिस ने दिलीप समेत कई अज्ञात ग्रामीणों पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।