मामला-1
जीत का प्रमाण पत्र बांटने में गड़बड़ी करने वाले ब्रह्मपुर ब्लॉक के सहायक रिटर्निंग आफिसर व सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड प्रथम वीरेंद्र कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई जिला पंचायत चुनाव के रिटर्निंग आफिसर (आरओ) व उप संचालक चकबंदी सुनील कुमार की तहरीर पर की है। आरओ की ओर से दी गई तहरीर में लिखा गया है कि वीरेंद्र कुमार ने जिला पंचायत सदस्य की मतगणना में वार्ड नंबर 60 एवं 61 के लिए त्रुटिपूर्ण मतगणना प्रपत्र भरते हुए वास्तविक विजेता की जगह दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशियों का विजेता घोषित कर दिया गया।
यह लापरवाही की श्रेणी में आता है। पुलिस ने सहायक रिटर्निंग अधिकारी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी के आरोप में केस दर्ज किया। साथ ही गिरफ्तार भी कर लिया। हालांकि पुलिस, प्रशासन की कार्रवाई का सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने विरोध किया है। अधीक्षण अभियंता बाढ़ खंड दिनेश सिंह का कहना है कि वीरेंद्र कुमार अच्छे व सुलझे हुए अधिकारी हैं। गलती किसी की है और सजा किसी और को दी जा रही है।
मामला-2
ब्लॉक मुख्यालय का गेट तोड़ डाला
दूसरी ओर ब्रह्मपुर के खंड अधिकारी राज कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात भीड़ पर सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान करने, तोड़फोड़ आदि के आरोप में केस दर्ज किया है। विकास खंड अधिकारी ने तहरीर में बताया है कि मतगणना में धांधली का आरोप लगाकर 60 व 61 नंबर वार्ड के प्रत्याशियों ने भीड़ के साथ आकर ब्लॉक परिसर का गेट तोड़ दिया है।
मामला-3
बलवा, लूट व सेवन सीएलए सहित तमाम गंभीर धाराएं
नई बाजार चौकी इंचार्ज अभय पांडेय की तहरीर पर झंगहा पुलिस ने 61 नामजद व 500 अज्ञात लोगों पर बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी, लूट, सरकारी काम में बाधा डालने, सेवन सीएलए, आपदा प्रबंधन अधिनियम सहित 20 धाराओं में केस दर्ज किया है। 18 लोगों को चिह्नित कर मौके से दबोचा गया था। पुलिस को दिए तहरीर में चौकी इंचार्ज का आरोप है कि भीड़ ने वार्ड नंबर 60 के जिला पंचायत प्रत्याशी रवि निषाद व 61 के प्रत्याशी कोदई निषाद की अगुवाई में चौकी पर हमला कर दिया।
इस दौरान भीड़ ने असलहे से फायरिंग भी की है। चौकी परिसर में खड़ी पुलिस कर्मी व अन्य की छह बाइकों व जरूरी कागजात, रजिस्टर आदि को आग के हवाले कर दिया। आरक्षियों व दरोगा के आवास में जाकर घड़ी, अंगूठी, चेन लूट लिए। वहां मौजूद वर्दी से रुपये भी निकाल कर लेते गए। इस दौरान इनकी दहशत से चौराहे पर स्थित दवा आदि की दुकानें भी बंद कर दीं गईं। ऑक्सीजन, दवा की सप्लाई में भी बाधा आई।
20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के देवमुनि यादव की तरफ से भी झंगहा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहरीर के मुताबिक उत्पाती भीड़ ने पीएसी जवानों पर हमला किया और पीएसी की बस में आग लगा दी। उत्पाती भीड़ जान लेने पर उतारू थी। पीएसी ने बस बचाने का प्रयास किया लेकिन उत्पाती नहीं माने।
मामला-5
पशु चिकित्सा की गाड़ी फूंकी
पशु चिकित्साधिकारी डॉ अतुल ने भी झंगहा थाने में मामला दर्ज कराया है। डॉ अजय की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि उग्र भीड़ ने पशु चिकित्साधिकारी की गाड़ी भी जला दी है। पथराव भी किया गया है।
इनकी हुई गिरफ्तार
एआरओ वीरेंद्र कुमार, झंगहा के नेकवार निवासी रामसकल, अमरजीत निषाद, सुनील साहनी, महेंद्र साहनी, नौका टोला निवासी सिकन्दर, शिकारगढ़ निवासी राज, कल्यानपुर निवासी शिवकुमार, रामबाबू, नेकवार निवासी कमलेश साहनी, रवि निषाद, सुरेंद्र, नौका टोला निवासी आदित्य, सुरेंद्र चौहान, विरेंद्र चौहान, जयगोविंद, सुनील साहनी, आकाश निषाद व ऋषि।
चौकी पर आगजनी के मामले में पुलिस ने विशाल तिवारी, संजय निषाद, बलबीर गौड़, संगम निषाद, व्यासमुनि निषाद, उत्तम निषाद, गजेंद्र साहनी, मयंक निषाद, अर्जुन मौर्य, महेंद्र निषाद, नीलेश निषाद, गोविंद, राकेश निषाद, अमित साहनी, पन्नेलाल निषाद, नेबूलाल निषाद, अभय साहनी, बृजेश निषाद, दीपक निषाद, रमेश निषाद, अनिरूद्ध साहनी, अमरेंद्र , रविंद्र, पप्पू निषाद, दूधनाथ निषाद, रामशक्ल साहनी, लक्ष्मन निषाद, नीलेश निषाद, अमर साहनी, अमन, सुनील, सुरेंद्र चौहान, अफरीद खान, राज, वीरेंद्र चौहान, भुअर साहनी, शिवकुमार, रामबाबू, सूरज साहनी, अमरजीत, कमलेश, राकेश साहनी, चौथी निषाद, रामअशीष केवट, महेंद्र निषाद, सुरेंद्र निषाद, रामबहादुर निषाद, रवि निषाद, जयगोविंद निषाद, आदित्य निषाद, सिकंदर, बहादुर निषाद, मनीष कुमार, ऋषि, ओमप्रकाश निषाद, सुनील साहनी, गौरीशंकर, आकाश, रवि निषाद व कोदई साहनी सहित 61 लोगों को चिह्नित कर केस दर्ज हुआ है।
गांवों में पुलिस की दबिश, घर छोड़कर भागे लोग
नई बाजार पुलिस चौकी को फूंके जाने के बाद पुलिस की दबिश से ग्रामीण गांव छोड़कर भाग गए। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। आसपास के इलाकों में कई थाने की पुलिस फोर्स कैंप कर रही है। पुलिस की दबिश लगातार जारी है। जानकारी के मुताबिक गुस्साए लोगों ने बुधवार को दोपहर बाद 2:30 बजे विकास खंड ब्रह्मपुर के सामने धरना प्रदर्शन एवं रोड जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर झंगहा एवं चौरीचौरा पुलिस ने जब लोगों को मनाने की कोशिश की तो समर्थक नहीं माने। उनकी मांग थी कि कोदई निषाद एवं रवि प्रताप निषाद को जीत का प्रमाण पत्र दिया जाए। इसके बाद हुए बवाल में चौकी में आग लगा दी गई थी। इसके बाद से वारदात के आरोपितों को गिरफ्तार करने में पुलिस दबिश दे रही है।