गोरखपुर जिले के दर्जन भर से अधिक आला अफसरों के वाहन चालकों की पंचायत चुनाव में पीठासीन अधिकारी के पद पर ड्यूटी लगा दी गई है। ड्यूटी पत्र हाथ में मिलते ही पांचवीं और आठवीं तक की पढ़ाई करने वाले इन चालकों के हाथ-पांव फूल गए हैं। वे ड्यूटी कटवाने के लिए निर्वाचन कार्यालय से लेकर एडीएम और सीडीओ दफ्तर तक के चक्कर लगा रहे हैं।
जिन अफसरों के चालकों की पीठासीन अधिकारी पद पर ड्यूटी लगी है, उनमें सीडीओ के वाहन चालक बजरंग बली दुबे, अपर आयुक्त प्रशासन के चालक खजांची प्रसाद, जिला कृषि अधिकारी के वाहन चालक ओम प्रकाश यादव, उप निदेशक कृषि प्रसार कार्यालय के वाहन चालक राम अचल और परशुराम गुप्ता, राजकीय कृषि विद्यालय में तैनात वाहन चालक गनपति यादव समेत कई अन्य नाम शामिल हैं।
वहां कोई सुनवाई न होने पर कार्रवाई के भय से एक चालक ने तो मंगलवार को एनेक्सी भवन में पहुंचकर पीठासीन अधिकारी के कार्यों का प्रशिक्षण भी ले लिया। सभी एक ही बात दोहरा रहे कि इस पद की जिम्मेदारी कैसे निभाएंगे और यदि वे पीठासीन अधिकारी का काम करेंगे तो साहब लोगों की गाड़ी कौन चलाएगा ?