फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी एमएलसी चुनाव: कभी खुशी, कभी बेचैनी... हर रुझान पर बढ़ती रहीं धड़कनें; मतगणना में घटता-बढ़ता रहा अंतर

Thu, 29 Oct 2026 11:28 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर मतगणना के दौरान कभी खुशी, कभी बेचैनी दिखाई दी। हर रुझान पर धड़कनें बढ़ती रहीं। द्वितीय वरीयता की गणना में अंतर घटता-बढ़ता रहा। पल-पल की सूचना के लिए समर्थक बेचैन रहे। जीत की खबर मिलते ही भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी भावुक हो गए। दो दिन के इंतजार के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
विज्ञापन
UP MLC Election - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कभी चेहरे पर मुस्कान तो कभी माथे पर चिंता की लकीरें। शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दूसरे दिन बुधवार को द्वितीय वरीयता के मतों की गणना ने पूरे दिन रोमांच बनाए रखा। मतगणना परिसर के भीतर अभिकर्ता एक-एक वोट पर नजर गड़ाए रहे तो बाहर डटे समर्थक पल-पल के रुझान जानने के लिए बेचैन रहे।
विज्ञापन


करीब 12 घंटे तक चली इस प्रक्रिया में कभी भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के खेमे में खुशी दिखी तो कभी निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव के समर्थकों के चेहरे खिल उठे। बुधवार सुबह 5:45 बजे द्वितीय वरीयता के मतों की गणना शुरू हुई। 

इससे पहले सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी और उनके अभिकर्ताओं ने कथित तौर पर मतगणना का बहिष्कार करते हुए गणना स्थल छोड़ दिया। वहीं, ध्रुव त्रिपाठी और राजीव यादव के अभिकर्ता गणना में डटे रहे। 
विज्ञापन
Trending Videos

जैसे ही किसी प्रत्याशी की बढ़त या मतों के अंतर को लेकर जानकारी मिलती, अभिकर्ता बाहर निकलते और मीडिया कर्मियों से फोन मांगकर समर्थकों तक रुझान पहुंचाते। हर नई सूचना के साथ चुनाव कार्यालयों में चर्चाएं तेज हो जातीं और समर्थकों की धड़कनें बढ़ जातीं।

जीत की खबर सुनते ही भावुक हो गए ध्रुव त्रिपाठी
द्वितीय वरीयता के मतों की गणना पूरी होने के बाद जब ध्रुव त्रिपाठी को जीत की सूचना दी गई तो वह भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने फोन कर अपने करीबियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आंसू पोंछते हुए अभिकर्ताओं का अभिवादन किया। 

 

दो दिनों से मतगणना स्थल के बाहर डटे समर्थकों के लिए यह पल राहत और उत्साह लेकर आया। विश्वविद्यालय के बाहर बने भाजपा के चुनाव कार्यालय में जैसे ही जीत की सूचना पहुंची, वहां खुशी की लहर दौड़ गई। 

लंबे इंतजार और लगातार बदलते रुझानों के बीच समर्थकों की बेचैनी आखिरकार खुशी में बदल गई। पूरे दिन एक-एक रुझान पर टिकी निगाहें परिणाम की खबर मिलते ही उत्साह और जश्न में बदल गईं। वहीं राजीव यादव के समर्थक मायूस होकर लौट आए।

पुरानी पेंशन के लिए करुंगा प्रयास: ध्रुव
शिक्षक एमएलसी चुनाव में निर्वाचित होने के बाद भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने शिक्षकों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करने और चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को उन्होंने नोट कर रखा है। सदन में हर समस्या के समाधान के लिए आवाज उठाएंगे और शिक्षकों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।

दूसरे स्थान पर रहे निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव की सराहना करते हुए ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव में लड़ाई इसी तरह लड़ी जाती है। राजीव यादव को शिक्षकों का अपार समर्थन मिला है। उन्होंने उनके प्रयासों और चुनाव में मिले समर्थन को स्वीकार किया। 

 

पुरानी पेंशन के मुद्दे पर ध्रुव त्रिपाठी ने कहा कि यह केंद्र सरकार से जुड़ा विषय है लेकिन वह इसके लिए भी प्रयास करते रहेंगे। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। चुनाव के दौरान शिक्षकों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए वह गंभीरता से काम करेंगे और सदन में उनकी आवाज बनेंगे।

मुझे हराने की हुई साजिश, निर्वाचन आयोग से कोर्ट तक लड़ूंगा लड़ाई : राजीव
शिक्षक एमएलसी चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव ने मतगणना में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात से ही उन्हें चुनाव हराने की साजिश की जा रही थी। पहले दिन तीन राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद वह 376 वोटों से आगे था। 

 

चौथे राउंड में भाजपा प्रत्याशी को एकतरफा 927 वोट मिलने और अपने पक्ष में मात्र 132 वोट आने पर उन्होंने सवाल उठाए। राजीव यादव ने आरोप लगाया कि इतने बड़े अंतर से वोटों का बदलना सामान्य नहीं है और उन्हें पूरी तरह से हराया गया है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान कई अन्य अनियमितताएं भी हुई हैं। 
विज्ञापन

इन सभी मामलों को लेकर वह निर्वाचन आयोग का दरवाजा खटखटाएंगे और न्यायालय भी जाएंगे। उन्होंने अंतिम चरण में गिने गए मतपत्रों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग करने की बात कही। राजीव यादव ने कहा कि मतगणना की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इन आरोपों की जांच जरूरी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें