उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि गोरखपुर लगातार उन्नति के मार्ग पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में उत्तर प्रदेश का डंका दुनिया में बज रहा है। देश व दुनिया में योगी ने सनातन धर्म की एक अलग पहचान बनाई है।
वह शुक्रवार को तारामंडल स्थित चंपा देवी पार्क में सात दिवसीय गोरखपुर महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे। महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रगान व वैदिक मंत्र उच्चारण शंख ध्वनि व मंजीरे की धुन पर दीप जलाकर किया गया। पर्यटन मंत्री ने नेशनल बुक डिपो की प्रदर्शनी तथा विज्ञान प्रदर्शनी का फीता काट कर शुभारंभ किया तथा अवलोकन भी किया।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि गोरख पीठ व संत कबीर की इस पावन धरती पर भव्य आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 सालों में उत्तर प्रदेश ने अपनी एक नई पहचान बनाई है। यहां उन्होंने लोगों को माफिया, अपराध से मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने संस्कृति परंपरा तथा जीवन जीने की कला से देश की ताकत को बताई है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म को समाप्त करने तथा कमजोर करने के लिए विरोधियों ने काफी प्रयास किए थे। परंतु सनातन था, सनातन है और सनातन हमेशा रहेगा। महाकुंभ पर उन्होंने कहा कि 144 साल के बाद यह महाकुंभ आया है। वर्तमान में हम सभी के जीवन काल का यह पहला महाकुंभ हो रहा है। महाकुंभ में देश भर के विभिन्न राज्यों के साथ सनातनियों का आगमन होगा। गंगा, यमुना ,सरस्वती के संगम में सभी डुबकी लगाएंगे। यह आयोजन इतना बड़ा हो रहा है कि दुनिया इस पर रिसर्च करेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम सभी आगे बढ़ रहे हैं। हर जिले में महोत्सव मनाने का कार्य मुख्यमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 403 विधानसभा में करोड़ों रुपए का विकास मुख्यमंत्री की देन है। एकता ,अखंडता और राष्ट्रीयता के भाव से प्रदेश आगे बढ़ रहा है इसकी शुरुआत गोरखपुर से ही हुई है। हम सब मिलकर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने का कार्य करेंगे यह अग्रणी राज्य बनेगा। आदर्श उत्तर प्रदेश बनाने के लिए हम सभी प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि हम तीसरी बार इस गोरखपुर महोत्सव में आए हैं गोरखपुर लगातार उन्नति कर रहा है। आगे हम मुख्यमंत्री के सपनों को पूरा करेंगे। इस दौरान मंच पर मुख बधिर के लिए भी भाषण सुनने की व्यवस्था की गई थी जिसमें भूख बधिर को इशारों में संबोधन को बताया जा रहा था।