गोरखपुर के हरपुर बुदहट में महिला की गला रेत कर हत्या के मामले में पुलिस फरार आरोपी पति पप्पू पांडेय की तलाश में दबिश दे रही है। महिला नीरज की मां ने आरोप लगाया है कि दामाद ने बेटी की बेरहमी से हत्या की है। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
गोरखपुर में बच्चे की चाहत में नीरज राय उर्फ लाला (24) झाड़-फूंक और पूजा-पाठ कराती रहती थी। शादी के चार साल हो गए थे, अभी तक बच्चा न होने का मलाल हमेशा रहता था। वह चाहती थी कि एक दिन मां बने। छोटे बच्चों को देखकर वह खुश हो जाया करती थी। लेकिन इससे पहले ही दामाद (उसके पति ) ने बेरहमी से उसे मार दिया।
विज्ञापन
नीरज की मां पानमति देवी ने बताया कि सोमवार को भी यही लगा कि नीरज कहीं पूजा पाठ कराने गई है। हरपुर बुदहट के रामनगर सुरसा गांव में विवाहिता की हत्या के बाद लगातार पुलिस टीम पूछताछ के लिए आ रही है।
पानमति देवी की तहरीर पर नीरज उर्फ लाला की हत्या के आरोप में संतकबीरनगर निवासी उसके पति पप्पू पांडेय पर केस दर्ज कर हरपुर-बुदहट पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
विज्ञापन
सोमवार रात में पुलिस उस तक पहुंच गई थी लेकिन एन वक्त पर उसने सिमकार्ड तोड़कर फेंक दिया और वहां से भाग गया। फिलहाल उसके मोबाइल का सीडीआर निकाल कर पुलिस ने उसके रिश्तेदार और परिचितों के यहां दबिश शुरू कर दी है।
पप्पू लुधियाना में काम करता था, लिहाजा वहां भी पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इधर, मंगलवार को नीरज के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। देर शाम तक अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
उधर, पुलिस की जांच में पता चला है कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर हमेशा झगड़ा होता था। नीरज ने अपने पति के खिलाफ मेंहदावल थाने में केस भी दर्ज कराया था। हालांकि बाद में उनके बीच समझौता हो गया था पर झगड़ा बंद नहीं हुआ।
कलह के बाद नीरज को लुधियाना में छोड़ आया था पप्पू
नीरज की शादी 2021 में पप्पू से हुई थी। शादी के बाद पप्पू उसे लेकर लुधियाना गया था। वह वहीं पर कपड़े की फैक्ट्री में काम करता था। लुधियाना में कुछ दिनों बाद पप्पू को उस पर किसी बात को लेकर शक करने लगा।
इसके बाद उनके बीच कलह होने लगी और यही वजह थी कि उसे लुधियाना ही छोड़कर ही घर चला आया था। किसी तरह से नीरज घर आई और विवाद काफी बढ़ने पर उसने केस दर्ज कराया था। हालांकि पप्पू ने पंचायत में माफी मांग ली थी और सुधरने का वादा किया था। इसके बाद मामला खत्म हो गया था।
खेत की तरफ गई थी, तभी रेता गला
पुलिस के अनुसार, सुबह पांच बजे महिला अपने घर से खेत की तरफ निकली थी। उसका पति भी पीछे-पीछे निकला था। खेत में ही पति ने पीछे से गला रेता दिया। यही वजह थी कि वह अर्धनग्न हाल में मिली थी।
घटनाक्रम
हरपुर बुदहट निवासी स्व. ब्रम्हदेव राय की बेटी 24 वर्षीय नीरज उर्फ लाला की संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के समोगर गांव निवासी पप्पू पांडेय से चार साल पहले शादी हुई थी। हरपुर बुदहट इलाके के रामनगर सूरस गांव में सोमवार भोर में विवाहिता की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव गांव के पास ही सरसों के खेत में अर्धनग्न अवस्था में मिला था। नीरज की छोटी बहन की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस पति पप्पू पांडेय पर दर्ज किया है।