प्रस्तावित गोरखपुर सैनिक स्कूल।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में खाद कारखाने के पास 50 एकड़ में गोरखपुर सैनिक स्कूल बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्कूल की स्थापना का काम तेजी से चल रहा है। सोमवार को पेश हुए राज्य सरकार के बजट में मैनपुर, झांसी व अमेठी सैनिक स्कूल के अधूरे काम पूरा कराने के साथ ही गोरखपुर में नए सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए भी 90 करोड़ रुपये आवंटित हुए। माना जा रहा है कि अब यहां भी सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए चल रही तैयारियों में तेजी आएगी।
बता दें कि गोरखपुर सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए डीपीआर तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। पिछले महीने में 30 जनवरी को मुख्यमंत्री ने लखनऊ में स्कूल का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी देखा। उस दौरान उन्होंने ले-आउट में थोड़ा परिवर्तन करने के साथ ही जल्द डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया था। साथ ही कई सुझाव भी दिए थे।
उन्होंने निर्देश दिया था कि पूरे स्कूल का परिसर ऐसा हो जिससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत हो। यही नहीं उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि विद्यालयों के छात्रावासों के नाम भारत के गौरवशाली इतिहास के नायकों पर रखे जाएं। साथ ही विश्व की श्रेष्ठतम सेना के शूरवीरों के नाम पर भी परिसर में अलग-अलग स्थलों का नामकरण किया जाए।
गोरखपुर के सैनिक स्कूल में बास्केटबॉल, घुड़सवारी प्रशिक्षण, जिम्नास्टिक, स्विमिंग पूल आदि सुविधाओं के साथ ही सभी भवनों में सोलर पैनल और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी। हॉस्टल और मेस के बीच का एरिया कुछ इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि जरूरत पड़ने पर सभी छात्र-छात्राएं एक साथ भी बैठाएं जा सकेंगे। बता दें 199 करोड़ का डीपीआर पहले तैयार किया जा चुका था मगर उसमें संशोधन किया जा रहा है।