गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में बुधवार को आचार्य देवेंद्र शर्मा स्मृति व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें प्रख्यात भौतिकविद्, कोलकाता में कण विज्ञान के आचार्य प्रो. जयति केशरी नायक ने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को आधुनिक भौतिकी तथा खगोल विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
व्याख्यान में प्रो. नायक ने ब्रह्मांड के निर्माण, अंतरिक्ष में होने वाली जटिल प्रक्रियाओं और कण विज्ञान से जुड़े नवीनतम शोध पर सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से ब्रह्मांड के निर्माण से जुड़ी परिस्थितियों को प्रयोगशाला में समझने और पुन: उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार तिवारी ने की।
प्रो. शांतनु रस्तोगी ने अतिथि वक्ता का परिचय कराया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सिंटू कुमार ने किया। व्याख्यान के बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।