गोरखपुर। गोरखपुर में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षाओं का परिणाम आना शुरू हो गया है। विवि प्रशासन ने बीए, बीएससी (गणित, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान), बीकॉम तथा बीसीए के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं। अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ जन्म तिथि का प्रयोग कर अपने परिणाम को डाउनलोड कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 5 अगस्त तक सभी परीक्षा परिणाम को घोषित कर देने का दावा करते हुए 7 अगस्त से प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू करने की तैयारी में है। संवाद
गोविवि : 15 अगस्त को घोषित काउंसलिंग की तिथि को टाला
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने काउंसिलिंग की तिथियों को लेकर अपनी बड़ी गलती में सुधार कर लिया है। अब स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के दिन कोई काउंसिलिंग नहीं होगी। गोविवि प्रशासन ने 31 जुलाई को जारी आदेश में प्रवेश प्रक्रिया की तिथियों की समय सारणी जारी किया था। उसमें बताया गया था कि 15-16 अगस्त को स्नातक और परास्नातक में प्रवेश के लिए तीसरे और अंतिम चरण की काउंसिलिंग होगी। जबकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस है। उस दिन सामान्य तौर पर झंडारोहण के बाद कोई कार्यालयी कार्य नहीं होता। सोशल मीडिया पर विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय की आलोचना होने पर दूसरे दिन ही सुधार कर लिया गया। अब अंतिम चरण की काउंसिलिंग 16-17 अगस्त को होगी। इसी तरह दूसरे और अंतिम चरण की काउंसिलिंग से प्रवेश पाए विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण की तिथि 13 से 17 अगस्त निर्धारित थी। उसे भी बदलकर अब 13 से 18 अगस्त तक कर दिया गया है। संवाद