गोरखपुर। यूनिसेफ की आठ सदस्यीय टीम ने बुधवार को आईटीएमएस का जायजा लिया। टीम के सदस्यों ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और आईटीएमएस की ओर से आपदा न्यूनीकरण के प्रयासों की जानकारी ली।
यूनिसेफ भारत इकाई की चीफ फील्ड सर्विसेज जलपा रत्ना और चीफ फील्ड ऑफिस डॉ. जकारी एडम के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम बुधवार को गोरखपुर पहुंची। टीम ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञों से मुलाकात की। इस दौरान मौसम पूर्वानुमान, पूर्व चेतावनी तंत्र, सर्पदंश से बचाव, वज्रपात के दौरान क्या करें, क्या न करें, लू से बचाव तथा समय-समय पर अन्य जागरुकता संबंधित संदेशों के प्रसारण के संबंध में जानकारी ली। आईटीएमएस (इंटेलीजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) में तैनात अधिकारियों ने टीम को बताया कि अलग-अलग जगहों से लापता 45 बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया है। साथ ही आपदा (सर्पदंश) में प्रभावित व्यक्ति को समुचित उपचार प्रदान कराने के लिए ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराया गया। टीम ने कमिश्नर अनिल ढींगरा से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान टीम ने कैंपियरगंज के शिवलहिया में ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस के संबंध में जानकारी ली। टीम ने कई अन्य जगहों पर भ्रमण किया।