बांसगांव थाना क्षेत्र के धस्का गांव में सोमवार सुबह टप्पेबाजों ने जेवर साफ करने का झांसा देकर वृद्ध महिला शाहिदा (60) से सोने का कंगन लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब दस बजे मोटरसाइकिल सवार दो युवक धस्का गांव पहुंचे। दोनों गोला रोड स्थित कमालुद्दीन के घर में जेवर साफ करने का झांसा देकर घुस गए। उस समय घर में शाहिदा मौजूद थीं। टप्पेबाजों ने बातचीत के दौरान उनके हाथ में पहने सोने के कंगन को साफ करने की बात कही और उस पर कोई रासायनिक पदार्थ छिड़क दिया।
रसायन से हाथ में असर का हवाला देते हुए आरोपियों ने वृद्धा से कंगन उतारने को कहा। जैसे ही शाहिदा ने कंगन हाथ से उतारा दोनों युवक उसे लेकर भाग गए। घटना से घबराई वृद्धा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए और आरोपियों का पीछा शुरू किया।
ग्रामीणों के दबाव को देखते हुए टप्पेबाज धस्की गांव के पास अपनी मोटरसाइकिल और एक बैग छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन और सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि बरामद मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है।