नीलामी की आड़ में बड़हलगंज थाने के दीवान ने 22 लावारिस बाइकों को बेच दिया। व्यापारी थाने से इन बाइकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर उठा भी ले गया। संदेह के बाद हुई जांच में दीवान का फर्जीवाड़ा खुलकर सामने आ गया। छापे के बाद बाइकें भी बरामद कर ली गईं। इस मामले में आरोपी दीवान जितेंद्र गौड़ और बड़हलगंज कस्बा के तिवारीपुर निवासी व ऑटो पार्ट्स व्यापारी विवेक निगम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ चोरी, पद का दुरुपयोग करने और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में केस दर्ज किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। आरोपी दीवान बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव का निवासी है।
जानकारी के मुताबिक, बड़हलगंज थाना परिसर में गत 16 अगस्त को 78 लावारिस बाइकों की नीलामी की गई थी। व्यापारी विवेक निगम ने बोली लगाकर 25 बाइकें खरीदी थीं। इसके एवज में करीब एक लाख रुपये का भुगतान किया था। सोमवार को बाइकें शिफ्ट की जा रहीं थीं। इसके लिए व्यापारी विवेक निगम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगवाई और थाना परिसर से बाइकें उठवाकर ले जाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि नीलामी की बाइकों को थाने से हटवाने की जिम्मेदारी दीवान जितेंद्र गौड़ को दी गई थी।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में बाढ़ का कहर बढ़ा, 120 गांवों में घुसा पानी, तस्वीरों में देखें पूरा हाल