गोरखपुर। कुसम्ही क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए अंडर-12 के मुकाबले में श्रेयांश की घातक गेंदबाजी की बदौलत राजेश क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राणा क्रिकेट क्लब को सात विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राणा क्रिकेट क्लब की टीम 29.5 ओवर में 78 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शिवम यादव ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। अभि जायसवाल ने 11 जबकि अंश यादव ने नाबाद आठ रन का योगदान दिया। राजेश क्रिकेट क्लब की ओर से श्रेयांश पांडेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में महज चार रन देकर तीन विकेट झटके। व्यास मुनी ने दो विकेट लिए, जबकि आकाश कुमार और प्रत्युष सिंह को एक-एक सफलता मिली।
79 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजेश क्रिकेट क्लब की शुरुआत धीमी रही, लेकिन सलामी बल्लेबाज आकाश गुप्ता ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी। आकाश ने 57 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे। अमन कसौधन ने चार रन, आदित्य राज गुप्ता ने सात रन और प्रिंस वर्मा ने नाबाद एक रन बनाया। राजेश क्रिकेट क्लब ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 82 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। राणा क्रिकेट क्लब की ओर से शुभी भट्ट और आकाश साहनी ने एक-एक विकेट लिए। श्रेयांश को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।