गोरखपुर के गुलरिहा बाजार में सोमवार की रात सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। साथ ही एक बाइक में टक्कर मार दी। घायलों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
उधर, हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि कार चालक के नशे में होने की वजह से कार अनियंत्रित हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा बाजार में सोमवार की रात नशे में धुत्त एक अल्टो कार चालक महराजगंज की तरफ से तेज रफ्तार से गोरखपुर आ रहा था। गुलरिया बाजार दुर्गा मंदिर के पास सड़क के किनारे पैदल घर जा रहे शकील अहमद (40), तरुन निशा (45) व बच्चूलाल को ठोकर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें: गर्म थपेड़ों-तपिश से गरीब-अमीर सबकी आफत, आज बूंदाबांदी दे सकती है राहत
पुलिस व घरवालों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, रसूलपुर झुंगिया निवासी रामप्रताप निषाद सड़क के किनारे बाइक खड़ी करके दवा लेने गए थे कि कार ने बाइक को ठोकर मार दी, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा संजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।