जनसेवा एक्सप्रेस के डिब्बे में लावारिस बैग में लगी आग, हादसा टला
कुछ देर तक अफरा-तफरी मची रही, गोरखपुर स्टेशन पहुंचते ही लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। अमृतसर से आ रही 14618 जनसेवा एक्सप्रेस के गोरखपुर स्टेशन पहुंचते ही एक बोगी में रखे लावारिस बैग में अचानक आग लग गई। जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। यात्री कोच से बाहर आ गए। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी पहुंच गई। हालांकि, तब तक यात्रियों ने ही आग बुझा दी थी। इसके चलते ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक गोरखपुर जंक्शन पर खड़ी रही।
यह हादसा मंगलवार की भोर में 04:30 बजे के आसपास की है,जब ट्रेन गोरखपुर जंक्शन के यार्ड में प्रवेश कर रही थी। कंट्रोल रूम को मिली सूचना के बाद ट्रेन के कोच में रखे बैग से आग लगने और धुआं उठने की जानकारी आरपीएफ को दी गई। आरपीएफ और जीआरपी कर्मी पहुंचे तो बैग में लगी आग बुझ चुकी थी। सुरक्षा बलों ने बैग को खंगाला तो उसमें एक रस्सी, एक लोवर तथा हल्का पीला कलर का पाउडर मिला। पूछताछ में यात्रियों का कहना था कि अमृतसर से काले रंग का बैग हैंडल में टंगा था। ट्रेन के अचानक गोरखपुर पहुंचते ही उससे चिंगारी निकलने लगी। आग देखते ही सभी यात्री कोच से बाहर निकल गए। थोड़ी देर के लिए अफरातफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने कोच सहित पूरी ट्रेन की जांच करने के बाद उसे आगे के लिए रवाना किया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद ने बताया कि आग की सूचना पर जांच कराई गई। आग भी बुझ गई थी। कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। कोच की अच्छी तरह से जांच कराने के बाद ट्रेन को रवाना कराया गया।