- तस्कर कोलकाता से ट्रेन के जरिए एक किलो दो सौ ग्राम सोना लेकर पहुंचा था गोरखपुर
- रेलवे स्टेशन पर रिसीव करने आए युवक के साथ बाइक से जा रहा था सराफा मंडी
- पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को डीआरआई ने जमानत पर छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। डायरेक्ट्रेट ऑफ रिवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने बुधवार देर शाम गोलघर से 75 लाख के अवैध सोने के साथ दो युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में से एक कोलकाता से ट्रेन के जरिए सोना देने आया था, जबकि दूसरे युवक को एक सराफा कारोबारी ने तस्कर को लाने के लिए भेजा था। डीआरआई की टीम ने पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को दोनों को जमानत पर छोड़ दिया।
गोरखपुर के सराफा बाजार में कोलकाता से अवैध सोना भारी मात्रा में खपाया जाता है। सोने की तस्करी में जुड़े लोगों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी डीआरआई को लगातार कामयाबी मिली है। अभी दो दिन पहले ही 27 मई को डीआरआई की टीम ने देवरिया स्टेशन पर जीआरपी की मदद से दो तस्करों को 1.31 करोड़ के सोने के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में डीआरआई को कुछ अहम जानकारियां मिली थी। डीआरआई की टीम को सूचना मिली थी कि कोलकाता से एक युवक सोना लेकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है। सूचना के बाद डीआरआई की दो टीमें सक्रिय हो गईं। एक टीम रेलवे स्टेशन और दूसरी टीम गोलघर पहुंच गई। ट्रेन से सोना लेकर आए युवक को रिसीव करने एक युवक बाइक से पहुंचा था। दोनों सराफा बाजार की ओर बढ़े थे कि गोलघर के पास उन्हें डीआरआई की टीम ने दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से एक किलो दो सौ ग्राम सोना मिला। दोनों युवकों से पूछताछ में टीम को कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। डीआरआई ने सोना का जब्त करने के बाद दोनों युवकों को जमानत पर छोड़ दिया। उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि वे जांच में पूरा सहयोग करें। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह दुबई से सोना लेकर हवाई जहाज से कोलकाता पहुंचा था। कोलकाता से पटना आया और उसके बाद हमसफर एक्सप्रेस से गोरखपुर स्टेशन पहुंचा था। उसके बाद एसी का कंफर्म टिकट भी था।