गोला। रामजानकी महामार्ग पर अतरौरा गांव के सामने मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर भाग गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी गोला पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुबारकपुर निवासी साहिल और धुरियापार निवासी मनीष गुप्ता बाइक से गोला से उरुवा की ओर जा रहे थे। साहिल बाइक चला रहा था और मनीष पीछे बैठा था। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। अतरौरा गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची गोला थाना पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी चंद्र प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।