अब ट्रेन में दो टीटीई ही जाएंगे, सुरक्षा किट से लैस होंगे अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। एक जून से चलने वाली ट्रेनों में टीटीई का काम बदल जाएगा । अब वे टिकट की चेकिंग ट्रेन में चढ़ने के पहले ही कर लेंगे और ट्रेन में यात्रियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन कराएंगे। ट्रेनों में टीटीई की संख्या भी कम होगी। पहले एक ट्रेन में चार टीटीई सवार होते थे लेकिन अब सिर्फ दो ही जाएंगे। रेल प्रशासन ने टीटी के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई गाइडलाइन जारी कर दी है अब उसी के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर टीटीई की ड्यूटी लगाई जाएगी। शेष टीटीई को स्टेशन पर टिकट चेकिंग में लगाया जाएगा। जिस यात्री के पास कंफर्म टिकट होगा वही ट्रेन में चढ़ पाएंगे। खास बात यह है कि टीटीई को पूरा सुरक्षा किट पहनकर ही ट्रेन में जाना होगा। इस बात का रेल प्रशासन ने विशेष जोर दिया है। उन्हें ग्लब्स, हेड मास्क, फेस मास्क पहनकर ही ड्यूटी करना है और साथ में उनके सैनिटाइजर भी होगा।