गगहा। थाना क्षेत्र के राप्ती नदी किनारे तिघरा बांध पर बुधवार देर रात बड़हलगंज से घर लौट रहे राजमिस्त्री राहुल विश्वकर्मा से मोबाइल और बाइक लूट के पर्दाफाश के लिए देवरिया पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं। लुटेरों की तलाश में देवरिया पुलिस, गोरखपुर के गगहा और झंगहा थाना पुलिस से भी समन्वय कर रही है। घटना को 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस लुटेरों तक नहीं पहुंच सकी है, हालांकि पुलिस सूत्रों का दावा है कि कुछ अहम सुराग मिले हैं और मामले का जल्द पर्दाफाश हो सकता है।
घटना के बाद कराहकोल पुल से तिघरा तटबंध तक के इलाके में दहशत है। शुक्रवार को लोग अकेले इस सड़क से गुजरने से परहेज करते दिखे। घटनास्थल से करीब 500 मीटर के दायरे में गोरखपुर के गगहा और झंगहा थाना क्षेत्रों के साथ देवरिया के एकौना थाने की सीमा लगती है। ऐसे में तीनों थानों की पुलिस ने क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है। बुधवार रात करीब 9 बजे झंगहा थाना क्षेत्र के रानापार निवासी राजमिस्त्री राहुल विश्वकर्मा काम से लौटते समय कराहकोल पुल पार कर तिघरा तटबंध की ओर बढ़ रहे थे। तभी बदमाशों ने रोककर मोबाइल और बाइक लूट ली। सूचना पर गगहा, झंगहा और देवरिया की एकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में घटनास्थल देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में होने की पुष्टि होने पर मामले की जांच एकौना पुलिस ने संभाल ली। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।