आज से चलेगी गोरखपुर-गोमतीनगर और कल से लखनऊ जं.-लखीमपुर परीक्षा स्पेशल
गोरखपुर। छह और सात सितंबर को आयोजित पीईटी परीक्षा में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने दो परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। वहीं कैंट से बनारस की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गोरखपुर से चलाई जाएगी। साथ ही दो ट्रेनों की रैक रिजर्व में रखी गई है।
05028/05027 गोमतीनगर-गोरखपुर-गोमतीनगर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल पांच से सात सितंबर तक तीन फेरों में चलाई जाएगी। इस ट्रेन में एक बार में 3200 परीक्षार्थी आना-जाना कर सकेंगे। भीड़ के हिसाब से तत्काल चलाई जा सकेंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर हेल्प बूथ भी बनाए गए हैं।
स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल
05028 गोमतीनगर-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 05, 06 एवं 07 सितंबर को गोमतीनगर से शाम 7.45 बजे प्रस्थान कर बाराबंकी, बुढ़वल, जरवल रोड, करनैलगंज, गोंडा, मनकापुर, बस्ती, खलीलाबाद होकर रात 1.25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, 05027 गोरखपुर-गोमतीनगर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 06, 07 एवं 08 सितंबर को गोरखपुर से भोर में 03.25 बजे रवाना होगी और सुबह 9.15 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे।
इसी प्रकार 05031/05032 लखनऊ जं.-लखीमपुर-लखनऊ जं. अनारक्षित परीक्षा स्पेशल लखनऊ जं. एवं लखीमपुर से 06 एवं 07 सितंबर को 02 फेरों के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन लखनऊ जं. से भोर में 4.40 बजे चलेगी और लखीमपुर सुबह 7.30 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, 05032 लखीमपुर-लखनऊ जं. अनारक्षित परीक्षा स्पेशल लखीमपुर शाम 5.50 बजे चलेगी और लखनऊ जं. रात 8.55 बजे पहुंचेगी।
रेलवे स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया
शिक्षक पात्रता परीक्षा में आने वाले परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए गोरखपुर जंक्शन परिसर में तीन होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों को होल्डिंग एरिया में रखा जाएगा ताकि प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ न हो। परीक्षार्थियों को ट्रेन के प्लेस हो जाने के बाद ही प्लेटफाॅर्म पर भेजा जाएगा।