गोरखपुर। नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या 24 मत्स्येंद्र नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 28.68 करोड़ रुपये की लागत से दो आरसीसी नालों का निर्माण कराया जाएगा। यह कार्य सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
योजना के तहत पहला आरसीसी नाला नौसड़ रोडवेज से बाघागाड़ा तक बनाया जाएगा। वहीं दूसरा नाला निजी दंत अस्पताल के पास से बाघागाड़ा होते हुए जीतपुर तक निर्मित किया जाएगा। दोनों नालों के निर्माण से क्षेत्र में वर्षा के पानी की निकासी सुचारू होगी और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि मत्स्येंद्र नगर क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसे देखते हुए दो नए आरसीसी नालों के निर्माण की योजना तैयार की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद बरसात के मौसम में पानी जमा होने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।