गोरखपुर। मेरठ में आयोजित राज्य स्तरीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोरखपुर के दो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। मैना देवी बालिका इंटर कॉलेज, बिलंदपुर खत्ता और एमजी इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों का चयन राइफल शूटिंग नेशनल गेम्स के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन गोवा में किया जाएगा।
मैना देवी बालिका इंटर कॉलेज के छात्र शुभम आनंद पुत्र चंद्रभान का अंडर-17 वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वहीं एमजी इंटर कॉलेज के आरुष शर्मा पुत्र अशोक शर्मा ने अंडर-14 वर्ग में अपनी जगह पक्की की है। दोनों खिलाड़ियों ने मेरठ में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया जिसके आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन होने पर दोनों खिलाड़ियों के विद्यालयों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों के गोरखपुर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर उनका स्वागत और सम्मान किया गया। मैना देवी बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या प्रेमलता सिंह, क्रीड़ा प्रभारी विनय कुमार पांडेय, सत्यवीर यादव और विकास श्रीवास्तव सहित अभिभावकों ने स्टेशन पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।