शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-730 पर छतहरा गांव के पास शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो युवक लगभग छह मीटर दूर सड़क किनारे पटरी पर जाकर गिरे। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गड़ाकुल गांव निवासी रंजीत और राजू शनिवार रात करीब 11:30 बजे चिल्हिया से शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। छतहरा गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों हवा में उछलकर सड़क किनारे गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत शोहरतगढ़ सीएचसी ले गए। भीड़ जमा होने से पहले ही ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
शोहरतगढ़ सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में शोहरतगढ़ थाना प्रभारी विंदेश्वरी मणि ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।