गुलरिहा और चिलुआताल थाना क्षेत्र का मामला, जांच में जुटी पुलिस
गुलरिहा/जगतबेला। शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में जिम ट्रेनर की पत्नी समेत दो ने फंदे से लटक कर जान दे दी। एक ओर जहां गुलरिहा में जिम ट्रेनर की पत्नी ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी, तो वहीं चिलुआताल में 18 वर्षीय किशोरी ने फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुंच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के मोगलहा में बिहार के सिवान जिले के बसंतपुरा थाना क्षेत्र के तेलकथू गांव निवासी उमेश अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहकर पास के जिम में ट्रेनर का काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी प्रीति उर्फ कंचन (32) और छह वर्षीय बेटा विराट है। सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम लगभग छह बजे जब उमेश जिम में काम कर रहे थे, उसी समय उनकी पत्नी प्रीति ने कमरे में फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतका की मां इंद्रावती निवासी कुशीनगर हाटा के सुकरौली का आरोप है कि उनके दामाद उमेश का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था। इसी को लेकर दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था और मारपीट भी होती थी। थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत ग्राम सभा कलानी (उर्फ बढ़नी) में डोहरिया बाजार निवासी 18 वर्षीय अवंतिका ने संदिग्ध हालात में फंदे से लटक कर जान दे दी। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने फंदे से उतारने की कोशिश की लेकिन तब तक अवंतिका की मृत्यु हो चुकी थी। अवंतिका इंटर पास कर चुकी थी और नौकरी की तैयारी कर रही थी। वह दो बहनों और एक भाई की बड़ी थी। मजनू चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।