पुलिस ने पीछा कर पिकअप सवार एक युवक को पकड़ लिया, जबकि पिकअप में सवार दो शख्स वाहन समेत भाग निकले। बताया जा रहा है कि पिकअप के पीछे-पीछे चल रही एक स्कॉर्पियो में सवार लोग पुलिस को कुचलने की कोशिश करते हुए वहां से भाग निकले।
पशु तस्करों के साथी होने के संदेह पर पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया, इसके साथ ही देवरिया पुलिस को सूचना दी। देवरिया के गौरीबाजार थाना पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद गौरीबाजार क्षेत्र में घेराबंदी की गई।
पुलिस की घेराबंदी से बचने की कोशिश में स्कॉर्पियो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाया और गाड़ी दूसरी लेने से मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस बीच गौरीबाजार क्षेत्र में डिवाइडर से टकराकर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सभी लोग कहां के रहने वाले हैं और क्या उनका संबंध बिहार के पशु तस्करी नेटवर्क से है। वहीं, गोरखपुर में पकड़े गए पिकअप सवार से भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
पशु तस्करों के आने की सूचना पर झंगहा इलाके में चेकिंग की जा रही थी। पिकअप पर तीन लोग सवार थे, पीछे से आ रहे स्कार्पियो सवारों ने कुचलने की कोशिश की। पुलिस बचने के लिए पीछे हटी, इस बीच पिकअप लेकर दो लोग भागने लगे उनके पीछे स्कॉर्पियो सवार भी भागने लगे। इसकी सूचना सेट पर प्रसारित की गई और पुलिस को अलर्ट किया गया था:
ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नार्थ