गोरखपुर जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चौरीचौरा क्षेत्र का युवक और गोरखनाथ क्षेत्र के माधोपुरा की युवती डेंगू पीड़ित मिली है। इलाज के बाद दोनों की हालत में सुधार है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि दोनों की ट्रेवेल हिस्ट्री है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम माधोपुर स्थित डेंगू पीड़ित के घर पहुंची थी। टीम की अगुवाई इंट्रोमोलॉजिस्ट (कीट विज्ञानी) डॉ. वीके श्रीवास्तव ने की। उनके साथ सहायक मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्र, प्रभानिशी, अशोक चंदेल और जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें: खपरैल का जर्जर मकान गिरा, एक की मौत, चार घायल
डेंगू पीड़ित युवती ने बताया कि वह हाल ही में दिल्ली से लौटी है। उसका इलाज गोरखनाथ अस्पताल में हुआ। वहीं से डेंगू की जांच के लिए सैंपल आरएमआरसी भेजा गया था। जहां डेंगू की पुष्टि हुई। टीम को जांच के दौरान युवती के घर में डेंगू के लार्वा मिले, जिसे नष्ट कराया गया।
इसके बाद हुई जांच में आसपास के पांच और घरों में डेंगू के लार्वा मिले। टीम ने सभी छह घरों को नोटिस दिया है। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान चलाकर जांच की जाएगी, जिन घरों को नोटिस दिया गया है। वह फिर से लार्वा की जांच की जाएगी।