गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ताल इलके के विवेकपुरम निवासी विकास पांडेय और हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के टिकरिया नाथ सिंह निवासी दुर्विजय यादव के रूप में हुई है।
सीओ कैंट आईपीएस अरुण कुमार एस ने बताया कि बुधवार रात टीपीनगर चौकी प्रभारी सुधीर कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो युवकों के बीच विवाद होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों बैग रखने को लेकर झगड़ रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने बैग की तलाशी ली। इस दौरान तारामंडल के विवेकपुरम निवासी विकास पांडेय के बैग से 26 लाख 14 हजार 700 रुपये और हरपुर बुदहट के टिकरिया निवासी दुर्विजय यादव के पास से 17 लाख 80 हजार 900 रुपये बरामद हुए। दोनों बैग से कुल 43 लाख 95 हजार 600 रुपये मिले।
पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद दोनों युवकों से पूछताछ की गई लेकिन वे नकदी कहां से लाई गई और कहां ले जाई जा रही थी, इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। इसके बाद आयकर विभाग को सूचना दी गई। राजघाट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। सीओ कैंट ने बताया कि आयकर विभाग नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल की जांच करेगा। यह भी पता लगाया जा रहा है कि रकम किसी हवाला नेटवर्क से तो जुड़ी नहीं है। जांच में नकदी अवैध मिलने पर आगे की कार्रवाई आयकर विभाग करेगा।