संतकबीरनगर की महुली पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए चोरों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू मिला। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की छह बाइकें बरामद की। पकड़े गए चोर गोंडा और कुशीनगर जिले के निवासी हैं।
सीओ अंबरीष भदौरिया ने बताया कि रविवार की शाम को इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह क्षेत्र के तिनहरी गांव के निकट पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान स्वाट टीम प्रभारी अजय कुमार सिंह और एसआई सुभाष मौर्या टीम के साथ पहुंच गए।
सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक के साथ गुजरने वाले हैं। कुछ ही देर बाद अलग-अलग बाइक से गुजरे दो युवकों पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर पकड़ लिया। युवक बाइक की कागजात नहीं दिखा सके। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने बताया कि बाइक चोरी की है। बाइकों को बेचने जा रहे थे।
पूछताछ में उनकी पहचान रुद्र मिश्र निवासी बाबाकुटी थाना वजीरगंज जिला गोंडा और संतोष चौरसिया निवासी नवापार थाना अहिरौली बाजार जिला कुशीनगर के रूप में हुई। तलाशी में उनके कब्जे से 12 बोर का कट्टा, कारतूस और चाकू मिला।
पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर मुखलिसपुर शराब की दुकान के पीछे झाड़ में खड़ी चार अन्य बाइकें बरामद हुई। बरामद बाइकें गोंडा, गोरखपुर और महराजगंज से चोरी करने की बात स्वीकार की। पकड़े गए चोरों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए सोमवार को जेल भेज दिया गया।