जगदीशपुर। एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही कोठी चौराहे के पास शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल सुभान अली बेलवा निवासी जुमानी साहनी (45) और उनके मित्र बबलू (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चालक भाग गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों शुक्रवार शाम पल्सर बाइक से एक मित्र के शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे कुसम्ही कोठी चौराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के पास से मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि जुमानी दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके चार बच्चे हैं। वहीं बबलू तीन भाइयों मोहन और सोहन में सबसे छोटे थे। उनके तीन बच्चे हैं। दोनों परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।