मुकेश गुप्ता व सुनील निषाद की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला।
कुशीनगर में बुधवार की सुबह करीब नौ बजे कसया थाना क्षेत्र के महुआडीह व परसौना गांव के सीवान पर एक खेत के किनारे लगे बिजली के नंगे तार की चपेट में आने से दो मजदूर झुलस गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों युवक ठेला लेकर कहीं काम पर जा रहे थे। मोड़ पर अनियंत्रित होने के चलते खेत में चले गए।
महुआडीह बैदौली निवासी मुकेश गुप्ता (22) व सुनील निषाद (22) बाइक के इंजन से चलने वाले रिक्शा ठेला पर सटरिंग का सामान लेकर महुआडीह गांव व परसौना गांव के सीवान पर पहुंचे थे कि मोड़ पर अनियंत्रित होकर ठेला समेत बगल खेत में चले गए। खेत के बगल से एक किसान ने बिजली का नंगा तार लगाया था।
बताया जा रहा है कि मछली पालन करने वाला यह किसान तालाब पर लगे मोटर को विद्युत आपूर्ति देने के लिए नंगा तार लगाया था। तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर मुकेश व सुनील बुरी तरह झुलस गए।
बगल के खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया तो अन्य लोग पहुंचे। इसकी सूचना पर कुशीनगर पुलिस चौकी इंचार्ज अमित कुमार राय व एसआई भरत राम मिश्र ने मौके पर पहुंचकर झुलसे मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।