बस्ती शहर के जीआईसी के सामने हुए हादसे की सूचना पहुंचते ही वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पैंड़ा खरहरा गांव के वसीउल्लाह के घर में कोहराम मच गया। मां जाहिदा खातून, पत्नी वकीला खातून अचेत हो गईं। पिता रफीकुल्लाह व महल्ले के लोग घटना स्थल की ओर भागे। बेटे का शव देखते ही पिता रफीकुल्लाह बेहोश होकर गिर पड़े। वसीउल्लाह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था।
वसीउल्लाह के छह बच्चों में चार बच्चों को पता ही नहीं हैं कि उनके अब्बा की मौत हो गई है। मंगलवार को वे घर पर खेलकूद रहे थे। बड़ा बेटा मोहम्मद अरबाज 14, मुस्कान 12, शबनम 10, सहबाज 8, सेराज 5 व सबसे छोटा ऐराज सिर्फ तीन वर्ष का है। उन्हें देख लोगों की आंखें नम हो जा रही थीं। बहन साजिदा, हसीना का रो-रो कर बुरा हाल है।
वसीउल्लाह पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी के पुत्र अतुल चौधरी की गाड़ी चलाता था। पिता ने बताया कि इसके पहले वसीउल्लाह पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार उर्फ नंदू चौधरी की गाड़ी चलाता था। बसपा से सपा ज्वांइन करने के बाद वसीउल्लाह अतुल चौधरी का चालक बन गया।