- गेट नंबर एक और सात के पास बनेगा, एलईडी टीवी भी लगेगा
- लगातार देर से आ रही बढ़नी-देवघर स्पेशल, परेशान हो रहे लोग
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर सावन महीने तक कांवड़ियों के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में दो होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। कुंभ की तर्ज पर ही इन्हें एक बैठने की जगह दी जाएगी। एलईडी टीवी भी लगेगा, जिस पर यात्री ट्रेन का समय देख सकेंगे।
रेलवे स्टेशन पर पुराने भवन के पुर्नविकास कार्य चल रहा है, इसलिए कई जगह बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। इधर, बढ़नी से गोरखपुर होकर देवघर तक जाने वाली स्पेशल ट्रेन रोजाना दो से तीन घंटे की देर से आ रही है। परिवार के साथ आए लोग ट्रेन की जानकारी के लिए भटकते हैं। यात्रियों को प्लेटफार्मों पर बैठने में काफी असुविधा हो रही है। यात्रियों की सहूलियत के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में अस्थायी तौर पर होल्डिंग एरिया बनाने के लिए जीआरपी ने रेल प्रशासन को पत्र लिखा है। उधर, रेल प्रशासन ने भी सहमति दे दी है।
जीआरपी प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सावन में देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। उनके लिए होल्डिंग एरिया बनाने के लिए अनुरोध किया गया है। जल्द ही होल्डिंग एरिया बनाने का काम शुरू हो जाएगा।