घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस व घायल लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दिनदहाड़े गोली की तड़तड़ाहट से एक बार फिर रविवार को हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मानें तो पांच राउंड फायरिंग के बाद गांव में सनसनी फैल गई। वहीं दो लोग घायल हुए हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोट पत्थरबाजी के दौरान लगी है या फायरिंग से!
जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम को जिले के गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया चौराहे पर सरैया बाजार निवासी रामनरायन गुप्ता से गांव के दो युवक बाजू व बीरू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों युवकों ने रामनारायन गुप्ता की जमकर पिटाई कर दी। इसकी सूचना रामनारायन के परिवार को मिली तो परिवार के अन्य सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर लाठी व डंडे से दोनों युवकों की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रामनारायन गुप्ता व बाजू को थाने ले आई।
उधर, रविवार को गांव के प्रधान खड़ग बहादुर यादव घर जा रहे थे तो रामनरायन गुप्ता के परिवार के लोग छत के ऊपर से ईंट पत्थर व शीशे की बोतल चलाने लगे। इसी दौरान ग्राम प्रधान व उनके समर्थक भी पत्थर फेंकने लगे।
आरोप है कि इस दौरान ग्राम प्रधान व उनके समर्थकों ने हवाई फायरिंग भी किया। जिसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है लेकिन पुलिस वीडियो में चमक रहे दृश्य को पेप्सी की बोतल टूटने की बात बताते हुए फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
वहीं पत्थरबाजी के दौरान रामनरायन गुप्ता के भतीजे दिनेश गुप्ता पुत्र रामजश गुप्ता के मुंह में गंभीर चोट लग गई है। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से दस लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। रामनरायन गुप्ता का कहना है कि शनिवार की रात चौराहे पर जो दो युवक मारपीट किते थे वे प्रधान के समर्थक थे।
सूचना के बाद मौके पर जाकर एसपी नार्थ अरविंद पांडेय, क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा कपिल देव मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा है कि जल्द ही तथ्य सामने आएगा।