- खजनी थाना क्षेत्र की घटना, महिला-बच्ची समेत कई घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के कटघर गांव के कल्यानपुरा टोले में जमीन व नाली के विवाद में दो पाटीदार गुटों के बीच सोमवार को हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे व लोहे की रॉड चलने लगी, जिसमें महिला और बच्ची समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में घायल राजेश कुमार चौहान ने बताया कि जमीन और नाली को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उनके भाई व उनके परिवार के लोगों ने एकजुट होकर उनके घर पर चढ़कर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड, लाठी और डंडों से पूरे परिवार पर ताबड़तोड़ प्रहार किया। मारपीट में राजेश कुमार, उनकी पत्नी और बच्ची के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके बेटे के शरीर पर कई जगह गहरी चोटें आई हैं।
वहीं एक युवती का हाथ टूट गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बीच-बचाव किया। पीड़ितों का आरोप है कि यदि समय पर लोग नहीं पहुंचते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी जयंत सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।