फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साहब मैं जिंदा हूं: डेढ़ साल से खुद को जिंदा साबित करने में लगे कागजों में मृत दो बुजुर्ग, नौ माह से पेंशन बंद

Mon, 12 Oct 2026 03:55 PM IST
अनुराग रंजन संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
साहब मैं जिंदा हूं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उम्र के जिस पड़ाव पर बुजुर्गों को सहारे की जरूरत है, वहीं दो बुजुर्ग खुद के जिंदा होने का सबूत लेकर दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। इन्हें कागजों में मृत दिखा दिया गया है। सिस्टम की चूक का खामियाजा भुगत रहे ये बुजुर्ग अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं, साहब मैं जिंदा हूं...पेंशन दिला दीजिए।

दोनों बुजुर्ग जंगल कौड़िया ब्लॉक के रहने वाले हैं। फुलवरिया निवासी राधेश्याम की वृद्धावस्था पेंशन पिछले 9 माह से नहीं आ रही है। उन्हें जांच रिपोर्ट में मृत घोषित किए जाने की जानकारी मिली। राधेश्याम ने एडीओ समाज कल्याण को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह जीवित हैं। इसके बाद दस्तावेजों की जांच हुई तो पता चला कि राधेश्याम को सत्यापन के दौरान संबंधित अधिकारियों ने मृत घोषित कर दिया।

दूसरा मामला कहरपुरवा गांव का है। यहां के रामकेशर की पेंशन भी रुकी हुई है। उन्हें भी कागजों में मृत दिखा दिया गया है। रामकेशर ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से लगातार ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें वह खुद को कागजों में मृत बताए जाने की बात कह रहे हैं।

एडीओ समाज कल्याण उदय सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व रामकेशर से परिवार रजिस्टर की नकल मांगी थी। सचिव के न आने के कारण उन्हें यह नकल नहीं मिल सकी। गुहार लगाने के बाद भी राहत न मिलने पर रामकेशर ने बीडीओ से मिलकर उन्हें मामले से अवगत कराया। बीडीओ के अनुसार, रामकेशर का आधार कार्ड अपडेट नहीं है। जबकि, रामकेशर का कहना है कि अधिकारियों ने उन्हें कागज में मृत दिखाया है। अब मामले में लीपापोती की जा रही है। दस्तावेजों की जांच करा लें और कागजों में मुझे जिंदा कर दें ताकि पेंशन आने लगे।
विज्ञापन


मामले में सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने बीडीओ सुरेश चंद्र श्रीवास्तव को मामला निस्तारित करने का आदेश दिया है। साथ ही दोनों संबंधित गांव के सचिव और ब्लॉक के समाज कल्याण अधिकारी के साथ बीडीओ ने बैठक की। रामकेशर का आधार वेरीफाइड नहीं था जिसे वेरीफाइड कर दिया गया है। वहींं राधेश्याम के मामले में भी कार्रवाई की जा रही है। बीडीओ ने बताया दोनों लोगों को पेंशन दिलाई जाएगी।

जिले में 81 हजार पेंशनधारक
उपलब्ध आकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 81 हजार वृद्धा पेंशनधारक हैं। 80 वर्ष से कम उम्र के सामान्य पेंशनरों को हर तिमाही 3,000 रुपये मिलते हैं। इसमें 2,400 रुपये राज्यांश और 600 रुपये केंद्रांश शामिल हैं।

राधेश्याम के दस्तावेज जिला स्तरीय अधिकारियों को भेजे जा चुके हैं। वह जीवित हैं। रामकेशर का परिवार रजिस्टर की नकल बनाने के लिए सचिव को निर्देशित किया गया है। मामले की जांच की जाएगी। पेंशन दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।  -सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, बीडीओ, जंगल कौड़िया

मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दोनों वृद्धजनों को वृद्धा पेंशन दिलाई जाएगी। -महेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें