गोरखपुर जिले के गगहा और सिकरीगंज थाना क्षेत्र में हुए सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। गगहा प्रतिनिधि के मुताबिक, गगहा क्षेत्र के पकडपूरा गांव निवासी 38 वर्षीय पन्नेलाल निषाद बुधवार शाम तीन बजे अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर घर आ रहे थे। रकहट गोबरहीया मार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, हादसे में पन्नेलाल दबकर मौत हो गई।
धुरियापार प्रतिनिधि के मुताबिक, सिकरीगंज थाना क्षेत्र के मरची में गोदाम के सामने धान लदी ट्राली में एक युवक मोटरसाइकिल लेकर घुस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की है। मृतक की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया निवासी अखिलेश प्रजापति (35) के रूप में हुई। अखिलेश पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। कुछ दिनों पूर्व ही उनके पिता की मौत हुई थी। शुक्रवार को उनका ब्रह्मभोज होना है। अखिलेश ने हेलमेट नहीं लगाया था।
सड़क हादसे में महिला की मौत
गुलरिया इलाके में बुधवार रात सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पिपराइच थाना क्षेत्र के गुलरिहा गांव निवासी अवतारी देवी (36) पत्नी रामकिशुन भारद्वाज बुधवार की रात करीब आठ बजे गुलरिहा थाने के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार ने चपेट में ले लिया, जिससे अवतारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।