गोरखपुर जिले के चौरीचौरा और सहजनवां इलाके में ट्रेन की चपेट में आने से दिव्यांग युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे रेलवे लाइन पार करते समय 27 वर्षीय युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवती की पहचान क्षेत्र के बघाड़ के खजुहा टोला निवासी सरिता पुत्री देवीचंद के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बृहस्पतिवार को रेलवे क्रॉसिंग बंद था, वह रेलवे लाइन पार कर रही थी, इसी बीच देवरिया की ओर से आर ही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार सरिता दोनों पैर से दिव्यांग थीं तथा डंडे के सहारे अक्सर सत्संग में आती-जाती रहती थीं।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार इलाके के जूट मिल रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से बुधवार सुबह आठ बजे फैक्ट्री कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सिवान जिले के हसनपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी शैलेष सिंह (28) पुत्र राजेंद्र सिंह फैक्ट्री में काम करते थे। बुधवार को सहजनवां किसी काम से जा रहे थे। रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे कि तभी ट्रेन आने से उनकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर-बस्ती मंडल में बारिश से जलभराव, दो की मौत