सड़क हादसों में दो की मौत, एक घायल
गोरखपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिल्लूपार प्रतिनिधि के मुताबिक, बड़हलगंज इलाके की पटनाघाट पुलिस चौकी के समीप बुधवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। उसकी पहचान देवरिया जनपद के भदीला देवार गांव निवासी विनोद (36) के रूप में हुई। मृतक की दो पुत्रियां व दो पुत्र हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक व बाइक को कब्जे में लिया है। फुटहवा इनार प्रतिनिधि के मुताबिक, चौरीचौरा के देवीपुर गांव के पास मैजिक और बस की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में सरदारनगर निवासी ड्राइवर विनोद (25) की मौत हो गई जबकि मनोज घायल हो गया। मनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।