कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के नगर विधायक डॉ राधामोहन दास अग्रवाल के बाद अब सिसवा के विधायक प्रेमसागर पटेल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंगलवार को विधायक समेत 83 लोग संक्रमित मिले। दो संक्रमितों की मौत भी हुई है।
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी के मुताबिक, मंगलवार को कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में 875 निगेटिव व 83 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें शहर के 33 व कैंट थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 10 लोग शामिल हैं। अब जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 18761 हो गई है। 308 की मौत हो चुकी है। 17488 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 965 सक्रिय मरीज हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहर के 65 व 75 वर्षीय दो बुजुर्ग बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती थे। सोमवार की देर रात उनकी मौत हो गई।
होम आइसोलेट हुए विधायक
सिसवा के विधायक प्रेम सागर पटेल ने बुखार महसूस होने पर चरगांवा स्वास्थ्य केंद्र पर अपनी कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह होम आइसोलेट हो गए हैं। उन्होंने संपर्क में आने वाले लोगों से अपनी जांच कराने की अपील की है।
तीन चिकित्साकर्मी व एसएसबी जवान संक्रमित
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली तथा एसएसबी के एक-एक कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। रेलवे अस्पताल में भर्ती दो तथा दो निजी अस्पतालों में भर्ती नौ मरीज पॉजिटिव आए हैं। गजपुर व हरसेवकपुरम में एक-एक परिवार में क्रमश: चार व तीन लोगों में संक्रमण मिला है। रामजानकी नगर, शांतिपुरम व राजेंद्र नगर में एक-एक परिवार में दो-दो लोग संक्रमित मिले हैं।