19-20 सितंबर को संवाद भवन में अंग्रेजी विभाग कराएगा आयोजन
गोरखपुर विश्वविद्यालय के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे सेमिनार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय 2025 में अपनी स्थापना का 75वां वर्षगांठ मनाएगा। इसको लेकर वर्तमान सत्र में कई बड़े सेमिनार आयोजित करने की तैयारी है। अंग्रेजी विभाग की ओर से 19 और 20 सितंबर को जी-20 और सतत विकास पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन होगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
विभागाध्यक्ष एवं संयोजक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की ओर से अनुदानित इस संगोष्ठी में दो दिनों तक लगभग एक दर्जन सत्र होंगे। इसमें विभिन्न विद्वान पिछले वर्ष भारत में आयोजित जी-20 सम्मेलन में निर्धारित लक्ष्यों जैसे- ग्रीन डेवलपमेंट पैक्ट, पर्यावरण के विकास एवं संरक्षण, जैसे मूल मंत्र पर व्यावहारिक उपाय प्रस्तुत करेंगे।
इस पैक्ट में समानुपातिक विकास, वैश्विक स्तर पर कार्बन के न्यूनतम उत्सर्जन पर कार्ययोजना, जैविक ईंधन पर उपाय, प्लास्टिक के न्यूनतम प्रयोग और मानव जीवन के लिए आवश्यक स्वच्छ वायु आदि महत्वपूर्ण विषय हैं।
देश-विदेश के विद्वानों का जमावड़ा
सेमिनार में सतत विकास के लक्ष्यों पर बात करने के लिए देश-विदेश के मानद विद्वानों का जमावड़ा होगा। इसमें लगभग दो दर्जन उपविषय भी प्रस्तावित किए गए हैं। संगोष्ठी का मुख्य विषय होगा ''''''''दक्षिण एशियाई साहित्य में पर्यावरणीय चेतना एवं भविष्योन्मुखी आसन्न संकट।'''''''' संगोष्ठी में जी-20 के प्रमुख विषय एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण पर आसन्न संकट, उसके संरक्षण एवं उसके समृद्ध उपायों पर चर्चा होगी। भविष्य में आने वाले पर्यावरणीय संकटों को भांप कर उनके समाधान के उपाय तलाशे जाएंगे। संगोष्ठी की संरक्षक कुलपति प्रो. पूनम टंडन होंगी और आयोजन सचिव डाॅ. शायका तंजील एवं कोषाध्यक्ष डाॅ. आमोद कुमार राय होंगे। आयोजन समिति में विभाग के सभी शिक्षक शामिल हैं।
वर्जनअंग्रेजी विभाग की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में दक्षिण एशियाई अंग्रेजी साहित्य में जी-20 एवं सतत विकास पर विचार विमर्श होगा। उच्च शिक्षा का यही अभीष्ट लक्ष्य भी है कि उसे समाज की समस्याओं से सीधे जोड़ा जाए और समाधान के नए मार्ग प्रशस्त किए जाएं।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति