कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग महिला की गोरखनाथ क्षेत्र के एक बड़े निजी अस्पताल में मौत हो गई है। महिला सूरजकुंड की रहने वाली है। वहीं, एक केजीएमयू में शहर के इलाहीबाग के काली मंदिर के पीछे रहने वाले एक बुजुर्ग की मौत हुई है। इसके बाद से दोनों जगहों पर एरिया को सील कर दिया गया है। साथ ही उनके परिजनों के नमूने भी रविवार को लिए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक सूरजकुंड की रहने वाली 81 वर्षीय महिला को सांस लेने में तकलीफ समेत सीने में दर्द की शिकायत थी। इस पर परिजन 16 जून को महिला को गोरखनाथ क्षेत्र के एक बड़े अस्पताल में भर्ती किए। जहां पर उसका इलाज शुरू हुआ। इस बीच 17 को उसका नमूना निजी लैब में जांच के लिए भेजा गया। जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद शनिवार को महिला की मौत हो गई।
वहीं, इलाहीबाग के काली मंदिर के पीछे रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। 19 को इलाज के लिए परिजन लखनऊ ले गए थे। जहां पर उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर दोनों मोहल्लों को सील करा दिया गया है।
इलाहीबाग में पुलिस ने मोहल्ले को सील कराते हुए लोगों को होम क्वारंटीन की सलाह दी है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि निजी अस्पताल को एक दिन लिए सील कराते हुए 24 घंटे में दो बार सैनिटाइज के निर्देश दिए गए है। संपर्क में आने वाले लोगों और उनके परिजनों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। गोरखपुर में अभी तक कोरोना से 10 लोगों की मौत हो चुकी है।