नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने शुक्रवार को शास्त्री चौक चौराहा, वार्ड संख्या-65 महुईसुधरपुर, रुस्तमपुर चौराहा से हनुमान मंदिर, कमिश्नर आवास होते हुए बेतियाहाता चौराहा तक और गोलघर मार्केट का निरीक्षण किया। जगह-जगह कूड़े का ढेर मिलने पर सफाई सुपरवाइजर और सफाई निरीक्षक को दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं, काम में लापरवाही पर शहरी आजीविका केंद्र (सीएलसी) के दो सफाई कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को कैंट थाना रोड पर 12 बजे दिन में डीआईजी आवास के सामने कूड़े का ढेर मिला। वार्ड संख्या-21 बेतियाहाता में हनुमान मंदिर से कमिश्नर आवास रोड पर कूड़े का ढेर पाया गया। कूड़ा न उठने के कारण सुपरवाइजर रामगोपाल मिश्र और सफाई निरीक्षक श्रवण कुमार सोनकर को दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
वहीं, सीएलसी के सफाई कर्मचारी गोविंद और जोगेंद्र को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया गया। जबकि सफाई सुपरवाइजर पीर मोहम्म्द को वार्ड की अच्छी तरह से सफाई न कराने व कूड़ा न उठवाने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
उधर, वार्ड संख्या-65 महुईसुधरपुर में जगह-जगह गंदगी मिली। बार-बार कहने के बावजूद कूड़ा नहीं उठवाया गया। पता चला कि 32 सफाई कर्मचारियों में से 16 अनुपस्थित थे। नगर आयुक्त ने अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। इस दौरान पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह, सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर, सुपरवाइजर पीर मोहम्मद आदि मौजूद रहे।
अनुपस्थित मिलने पर मेठ हटाया गया
नगर आयुक्त ने गोलघर मार्केट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मेठ राम कृपाल अनुपस्थित मिले। नगर आयुक्त ने राम कृपाल को उनके कार्य से हटाकर किसी अन्य मेठ को तैनात करने का निर्देश दिया।