गोला। थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर सोमवार की सुबह दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना में बड़े भाई और उसके पुत्र को चोटें आई हैं। पीड़ित ने छोटे भाई और उसके परिवार के सदस्यों पर लाइसेंसी बंदूक से हमला करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित राम आशीष यादव ने तहरीर में बताया कि सुबह जमीन के बंटवारे को लेकर कहासुनी के बाद छोटे भाई और उसके परिजनों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडे से मारपीट की और लाइसेंसी बंदूक की नली और बट से सिर व हाथ पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके साथ ही उनके पुत्र का भी पीछा कर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। प्राथमिक जांच में सिर पर लगी चोट फावड़े के प्रहार से हुई प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।