फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी इंवेस्टमेंट कंपनी से की ठगी: मुनाफे के कमीशन का झांसा दिया, ठग लिए 16.67 लाख रुपये- 2 भाइयों पर केस दर्ज

Sun, 16 Nov 2025 12:53 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर

सार

पीड़िता ने बताया कि पहले चौरीचौरा थाने और बाद में एसएसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनीता उपाध्याय का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी भाग सकते हैं। कई और लोग ठगी का शिकार बन सकते हैं।
विज्ञापन
फर्जी कंपनी के नाम पर निवेश करवा कर की ठगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चौरीचौरा क्षेत्र में फर्जी इन्वेस्टमेंट कंपनी बनाकर 16.67 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बाबू बिशुनपुरा निवासी अनीता उपाध्याय की तहरीर पर बेलवा बाबू जगदीशपुर निवासी कंपनी के डायरेक्टर संजय कुमार सिंह और उसके भाई बबलू सिंह के खिलाफ चौरीचौरा थाने में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है।
विज्ञापन


पीड़िता ने बताया कि इंडस्ट्रियल बेस कंपनी व पिनकान ग्रुप इंवेस्ट कंपनी में एजेंट बनाकर काम करने के लिए संजय सिंह ने उन्हें नियुक्त किया था। आरोपी भाइयों ने चौरीचौरा के भोपा बाजार में पंजाब नेशनल बैंक के पास कंपनी का दफ्तर खोल रखा था। दावा करते थे कि इसका हेड ऑफिस कोलकाता में है। बिहार, बंगाल, राजस्थान और यूपी समेत कई राज्यों में इसकी शाखाएं चल रही हैं।

अनीता के मुताबिक, अच्छे कमीशन का लालच देकर कंपनी की आरडी, एफडी और एमआईपी योजनाओं में लोगों के रुपये जमा कराए गए। इस दौरान पीड़िता, उसके रिश्तेदारों व परिचितों ने कुल 16.67 लाख रुपये आरोपियों को दिए। रकम जमा करने के बाद दोनों भाइयों ने फर्जी बांड सौंप दिए।

कुछ महीने बाद पिनकान ग्रुप का बोर्ड हटाकर वहां यूनिवर्सल मल्टी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड का बोर्ड लगा दिया गया। पूछने पर आरोपियों ने बताया कि पिनकान कंपनी की सेबी से जांच चल रही है और अब नए नाम से काम किया जाएगा।

समय पूरा होने पर जब लाभार्थियों ने अपने रुपये मांगे तो आरोपी लगातार टालते रहे। पीड़िता के दबाव बनाने पर एक दिसंबर 2024 को संजय और बबलू सिंह ने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि दोनों भाइयों ने सभी रकम हड़प ली।

पीड़िता ने बताया कि पहले चौरीचौरा थाने और बाद में एसएसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनीता उपाध्याय का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी भाग सकते हैं। कई और लोग ठगी का शिकार बन सकते हैं।
विज्ञापन

ये भी हुए ठगी के शिकार
पुलिस के मुताबिक, बाबू बिशुनपुरा निवासी अनीता उपाध्याय जरिये चौराचौरा थाना क्षेत्र की राजमति, बैजनाथ, संध्या मिश्रा, रामनक्षत्र, वीरेंद्र पांडेय, जगदीश मिश्रा, गोबरी प्रसाद, जगवंता देवी, अफरोज अली, सुंदरी तिवारी, मेवाती देवी, प्रीति मिश्रा, निक्कू यादव, मीना देवी, मीरा देवी, महेंद्र नाथ, अनीता उपाध्याय, विष्णु स्वरूप उपाध्याय, अमीता उपाध्याय, अंकित उपाध्याय, ऋषिकेश मौर्या, रामहरि मौर्या, देवनता देवी, प्रेमशीला, सुनीता देवी, सुप्रिया, निर्मला, महेंद्र नाथ उपाध्याय, केशव प्रसाद चतुर्वेदी, नीता त्रिपाठी, रुबि देवी समेत कई अन्य ने रकम का निवेश किया है। पुलिस ने जांच के लिए इन सभी पीड़ितों से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।

कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी: मनीष शर्मा, सीओ चौरीचौरा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें